सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु में जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना के मुद्दे पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से हिंदी को लेकर अपना दृष्टिकोण बदलने को कहा. जस्टिस बीवी नागरत्ना और एजी मसीह की पीठ ने टिप्पणी की कि तमिलनाडु की धरती पर हिंदी पढ़ाई ही नहीं जा सकती, ऐसा नहीं हो सकता.

मामला राज्य में नवोदय विद्यालय खोलने से जुड़ा है. तमिलनाडु सरकार इन स्कूलों का विरोध करती रही है, क्योंकि नवोदय विद्यालयों में तीन-भाषा व्यवस्था लागू होती है और राज्य अपनी दो-भाषा नीति पर कायम है.

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि भाषा के मुद्दे को ग्रामीण छात्रों के शैक्षिक अवसरों में बाधा नहीं बनना चाहिए. नवोदय विद्यालय केंद्र सरकार से वित्तपोषित, सह-शैक्षिक और आवासीय संस्थान हैं, जिनका संचालन नवोदय विद्यालय समिति करती है.

उपलब्ध अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, इन विद्यालयों में शुरुआती कक्षाओं तक मातृभाषा या क्षेत्रीय भाषा में पढ़ाई का प्रावधान है. बाद की कक्षाओं में विषयों के अनुसार हिंदी और अंग्रेज़ी का इस्तेमाल होता है. तमिलनाडु में अब तक इन विद्यालयों की स्थापना नहीं हुई है.