तमिलनाडु सरकार ने ‘अन्नान सीर’ योजना लागू करने के लिए ₹812 करोड़ की पहली किस्त मंजूर की है. योजना के तहत राज्य में होने वाली शादियों में पात्र परिवारों की महिलाओं को विवाह के समय 8 ग्राम का 22 कैरेट सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी.
इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी सालाना आय ₹2.5 लाख तक है. योजना सरकार का आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावी होगी और इसके बाद होने वाली शादियों पर लागू की जाएगी.
‘सीर’ तमिल परंपरा में बड़े भाई की ओर से शादी के दौरान दिए जाने वाले उपहार को कहा जाता है. इसे स्नेह, सुरक्षा और जिम्मेदारी के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है. सरकार ने इसी परंपरा से जोड़ते हुए नवविवाहित दुल्हनों को यह सहायता देने का फैसला किया है.
योजना की घोषणा 2026-27 के संशोधित बजट भाषण में की गई थी. इसके बाद समाज कल्याण निदेशक ने योजना को हर साल लागू करने और मौजूदा वित्त वर्ष के लिए बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.
सोने के सिक्के और रेशमी साड़ी की खरीद निविदा प्रक्रिया के जरिए की जाएगी. इसके लिए तमिलनाडु पारदर्शी निविदा कानून, 1998 और नियम, 2000 के तहत प्रक्रिया अपनाई जाएगी. सोने की कीमत खरीद आदेश जारी होने से एक दिन पहले सुबह 9 बजे भारतीय बुलियन और ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ओर से तय दर के आधार पर निर्धारित की जाएगी.
