तमिलनाडु सरकार ने 13 साल बाद ऑटोरिक्शा किराए में संशोधन किया है. नए ढांचे के तहत पहले 1.8 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया ₹50 तय किया गया है. इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए ₹25 देना होगा.
Home (Transport-I) विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच सामान्य किराए का 1.5 गुना शुल्क लिया जा सकेगा. प्रतीक्षा शुल्क ₹1 प्रति मिनट निर्धारित किया गया है.
घाट मार्गों पर न्यूनतम किराया ₹60 और उसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए ₹30 शुल्क तय किया गया है. राज्य परिवहन प्राधिकरण और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को संशोधित दरें लागू कराने का निर्देश दिया गया है.
इससे पहले अगस्त 2013 में तय व्यवस्था के तहत पहले 1.8 किलोमीटर के लिए ₹25 और हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए ₹12 किराया था. ऑटो चालक संगठनों ने ईंधन, बीमा और रखरखाव लागत बढ़ने का हवाला देते हुए लंबे समय से किराया संशोधन की मांग की थी, जबकि उपभोक्ता संगठनों ने यात्रियों पर बोझ सीमित रखने की मांग की थी.
