मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों में कथित अनियमित पुस्तक खरीद के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ के तमिल अनुवाद को लेकर सवाल उठाए हैं. यह टिप्पणी न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन ने 11 नवंबर को न्यायमूर्ति एमडी सुमति के साथ सुनवाई के दौरान दर्ज आदेश के हिस्से में की.

अदालत के अनुसार, विशेषज्ञ समिति ने ‘मन की बात’ के तमिल संस्करण ‘मनथिन कुरल’ को खरीदने की सिफारिश की थी, लेकिन इसे पुस्तकालयों में शामिल नहीं किया गया. इसके विपरीत, कथित घोटाले से जुड़े अगल विलक्कु प्रकाशन की किताबों को खरीद के लिए उपयुक्त माना गया. अदालत ने सार्वजनिक पुस्तकालयों में कथित रूप से नकली और AI-निर्मित पुस्तकों की खरीद के आरोपों पर भी चिंता जताई है.

इस मामले में अदालत पहले ही तमिलनाडु के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय को प्राथमिकी दर्ज करने और संबंधित प्रकाशकों के बैंक खातों को फ्रीज करने का निर्देश दे चुकी है. निदेशक, सार्वजनिक पुस्तकालयों को अधिकारियों और खरीद से जुड़े रिकॉर्ड का विवरण अदालत में जमा करना है. मामला 16 नवंबर को फिर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है.