तमिलनाडु के इरोड जिले में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटना पेरुंदुरई के पास पेरुमपल्ली गांव की है. पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को उम्र संबंधी बीमारी के चलते 90 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हुई थी. इसके बाद अनुसूचित जाति समुदाय के लोग शव दफनाने के लिए पहुंचे.

आरोप है कि प्रभावशाली समुदाय के कुछ लोगों ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी और दलित ग्रामीणों को इलाके में रोजगार नहीं मिलने की धमकी दी. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान समुदाय के दो लोगों को कथित तौर पर दूसरे पक्ष के लोगों के पैरों में गिरने के लिए मजबूर किया गया. घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया.

पेरुंदुरई के राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर थिंगलूर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विवाद के बीच बुजुर्ग का अंतिम संस्कार पुलिस सुरक्षा में कराया गया. मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे. पुलिस ने आरोपों की पुष्टि के लिए जांच जारी होने की बात कही है.