तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की स्थायी क्षेत्रीय पीठ स्थापित करने की मांग की है. उन्होंने केंद्र से इस प्रस्ताव को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष फिर उठाने और अनुकूल निर्णय के लिए पहल करने का आग्रह किया.
विजय ने पत्र में कहा कि दक्षिण भारत के वादकारियों को न्यायिक राहत के लिए नई दिल्ली जाना पड़ता है. दूरी, यात्रा और मुकदमेबाजी का खर्च संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत उपलब्ध न्यायिक उपाय तक पहुंच को कठिन बनाता है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि तमिलनाडु यह मांग 1980 से उठाता रहा है. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 130 का उल्लेख किया, जिसके तहत मुख्य न्यायाधीश की पहल और राष्ट्रपति की मंजूरी से सुप्रीम कोर्ट दिल्ली के अलावा अन्य स्थानों पर भी बैठ सकता है.
पत्र में 2004, 2006, 2008 और 2021 की संसदीय समितियों की सिफारिशों तथा स्थायी क्षेत्रीय पीठों के समर्थन में विधि आयोग की रिपोर्टों का भी हवाला दिया गया. विजय ने कहा कि चेन्नई की कानूनी विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचा ऐसी पीठ के लिए उपयुक्त है. उनके अनुसार, प्रशासनिक नियंत्रण मुख्य न्यायाधीश के पास रहने से न्यायपालिका की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होगी.
