चेन्नई: तमिलनाडु में परिसीमन बिल को लेकर DMK ने अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं. पार्टी ने समर्थन के लिए राज्य के मौजूदा संसदीय प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने और भविष्य में सीटों के पुनर्विन्यास पर 25 साल की रोक की शर्त रखी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार रात सामने आए संशोधित मसौदे में 1971 की जनगणना को राज्यवार सीट आवंटन का आधार बनाए रखने का प्रावधान है. इसमें लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में सभी राज्यों के लिए समान 50% वृद्धि का आश्वासन भी बताया गया है. सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को 2051 तक स्थिर रखने की बात भी सामने आई है.
DMK का कहना है कि जनसंख्या-आधारित परिसीमन से उन दक्षिणी राज्यों का प्रभाव घट सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है. पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन शनिवार को पार्टी सांसदों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इसके बाद समर्थन पर औपचारिक निर्णय लिया जा सकता है. संसद का सत्र 30 नवंबर से शुरू होना प्रस्तावित है.
