तमिलनाडु में डेंगू संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी जारी है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 17 सितंबर को राज्य में डेंगू के 244 नए मामले सामने आए, जिसके बाद इस साल अब तक दर्ज कुल मामलों की संख्या 16,577 हो गई.
राज्य में डेंगू से अब तक नौ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. इसी अवधि में 1,320 लोगों में बुखार की शिकायत दर्ज की गई थी. चेन्नई में बुखार के 156 मरीजों में से 87 में डेंगू की पुष्टि हुई.
किन जिलों में मामले अधिक
चेन्नई के अलावा कोयंबटूर, इरोड, तिरुप्पुर, सलेम और कृष्णागिरि में भी डेंगू के मामले अधिक बताए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कांचीपुरम समेत 10 जिलों में डेंगू का प्रसार अपेक्षाकृत ज्यादा है.
मच्छर नियंत्रण और उन्मूलन अभियान के लिए पूरे राज्य में 25,000 से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं. अधिकारियों ने संक्रमण की रोकथाम के लिए सफाई और मच्छर नियंत्रण गतिविधियों पर जोर दिया है.
