मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव टालने की मांग वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है. मामला तिरुचि ईस्ट, पेरुंदुरई, अंबासमुद्रम, विरालिमलाई और करूर सीटों से जुड़ा है.
याचिका में दलील दी गई है कि इन constituencies के निर्वाचित प्रतिनिधियों के चुनाव को चुनौती देने वाली चुनाव याचिकाएं अदालत में लंबित हैं. ऐसे में उपचुनाव कराने से पहले इन मामलों का निपटारा जरूरी है. याचिकाकर्ता के अनुसार, यदि लंबित चुनाव विवादों के बीच नए चुनाव कराए जाते हैं, तो एक ही सीट पर प्रतिनिधित्व को लेकर संवैधानिक स्थिति जटिल हो सकती है.
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एस.ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ कर रही है. इससे पहले अदालत ने चुनाव आयोग को इन पांच सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी करने से रोक दिया था.
सुनवाई के दौरान अलग-अलग पक्षों ने चुनाव आयोग के अधिकार, लंबित चुनाव याचिकाओं की स्थिति और छह महीने के भीतर उपचुनाव कराने के कानूनी प्रावधानों पर दलीलें दीं. चुनाव आयोग ने अदालत में कहा था कि चुनावी मुकदमों के निपटारे तक इन सीटों पर अधिसूचना जारी करने का उसका इरादा नहीं है. अब अदालत के अंतिम फैसले से उपचुनाव की आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी.
