नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के अगस्थ्यमलाई क्षेत्र में वन अधिकार कानून, 2006 के तहत किए गए दावों की जांच के लिए पूर्व प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता में विशेष समिति गठित की है. समिति संबंधित अधिकारियों के आदेशों की समीक्षा करेगी और अपनी रिपोर्ट अदालत को सीलबंद लिफाफे में सौंपेगी.

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने समिति में न्यायमूर्ति गवई के अलावा केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (CEC) के एक अधिकारी और तमिलनाडु के प्रधान मुख्य वन संरक्षक को शामिल किया है. समिति को दावों के तेजी से निपटारे के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अधिकार भी दिया गया है. राज्य सरकार को समिति के समक्ष हर महीने प्रगति रिपोर्ट जमा करनी होगी.

ग्राम सभाओं और दावों के लिए समयसीमा

अदालत ने तमिलनाडु सरकार को बाकी ग्राम सभाओं का गठन 30 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है. इसके बाद वन अधिकार कानून में निर्धारित तीन-स्तरीय प्रक्रिया के तहत दावे आमंत्रित करने और उनकी जांच-निर्णय प्रक्रिया को पांच महीने के भीतर पूरा करना होगा. समिति को इस अंतिम समयसीमा के खत्म होने के बाद दो महीने में अपनी जांच पूरी करनी होगी.

अदालत ने राज्य सरकार की लंबे समय तक निष्क्रियता पर कड़ी टिप्पणी की. पीठ के अनुसार, मद्रास हाईकोर्ट की अंतरिम रोक 2016 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा हटाए जाने के बावजूद कानून की धारा 6 के तहत प्रक्रिया वर्षों तक शुरू नहीं की गई. अदालत ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य ने कार्रवाई तभी शुरू की, जब सुप्रीम कोर्ट ने अगस्थ्यमलाई बायोस्फीयर और उससे जुड़े आरक्षित वन क्षेत्रों में अतिक्रमण के मामले में स्वतः संज्ञान लिया.

पीठ ने कहा कि वन अधिकार कानून के तहत दावे प्राप्त करने, उनकी पहचान करने और उनका फैसला करने में देरी के लिए राज्य सरकार मुख्य रूप से जिम्मेदार है. अदालत ने इसे प्रक्रिया पूरी करने का राज्य को “अंतिम अवसर” बताया.

4,594 कब्जाधारियों का मामला

राज्य के हलफनामे के अनुसार, 5,072.64 हेक्टेयर क्षेत्र में 4,594 कब्जाधारी चिन्हित किए गए थे. इनमें 2,643 लोग 3,637.83 हेक्टेयर में सिल्क कॉटन की खेती कर रहे थे. आंकड़ों के मुताबिक 1,595 लोग जंगल में स्थायी रूप से रहकर खेती कर रहे थे, जबकि 232 लोग अस्थायी रूप से जंगल में रहते हुए खेती कर रहे थे. इसके अलावा 2,767 लोग जंगल की सीमा से बाहर रहते थे, लेकिन अंदर की जमीन पर खेती करते थे.

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अस्थायी रूप से जंगल में रहकर खेती करने वाले और जंगल की सीमा से बाहर रहकर अंदर खेती करने वाले लोग केवल खेती के आधार पर अनुसूचित जनजाति के वनवासी या अन्य पारंपरिक वनवासी की श्रेणी में नहीं आ सकते. कानून के तहत दावेदारों का जंगल में मुख्य रूप से निवास और उस पर निर्भरता होना जरूरी है. अन्य पारंपरिक वनवासियों के मामले में 13 दिसंबर 2005 से पहले कम से कम तीन पीढ़ियों या 75 वर्षों तक जंगल में रहने और निर्भरता की शर्त लागू होती है.

सिल्क कॉटन की खेती पर अदालत की आपत्ति

राज्य ने सिल्क कॉटन की खेती को वन अधिकार कानून के तहत संरक्षित लघु वनोपज से जोड़ने की कोशिश की थी. अदालत ने कहा कि सरकार ने ऐतिहासिक खेती और कृषि रिकॉर्ड का हवाला तो दिया, लेकिन ऐसा कोई विशिष्ट अधिसूचना या दस्तावेज पेश नहीं किया, जिसमें सिल्क कॉटन को कानून के तहत लघु वनोपज के रूप में मान्यता दी गई हो.

पीठ ने प्राकृतिक रूप से मिलने वाली वनोपज और व्यावसायिक फसल की योजनाबद्ध खेती के बीच अंतर बताया. अदालत के अनुसार, उपलब्ध सामग्री से संकेत मिलता है कि सिल्क कॉटन को पारंपरिक रूप से एकत्र करने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से लगाया गया था. वाणिज्यिक फसल की खेती को आरक्षित वन भूमि पर कब्जा जारी रखने का आधार नहीं बनाया जा सकता.

CEC को सिल्क कॉटन को लघु वनोपज मानने के राज्य के दावे की जांच करने और जंगल की सीमा से बाहर रहने वाले लोगों की खेती के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या संस्था की वित्तीय मदद अथवा भूमिका की पड़ताल करने को भी कहा गया है. मामला अब 1 फरवरी 2027 को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है, जब अदालत अंतरिम स्थिति रिपोर्ट पर विचार करेगी.