तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गांधी जयंती के अवसर पर महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना ‘वेट्री पयनम थिट्टम’ के विस्तारित रूप की शुरुआत की. लॉन्च के दौरान उन्होंने चेन्नई में बस से यात्रा की, यात्रियों से बातचीत की और महिलाओं को खुद मुफ्त टिकट बांटे.
इस दौरान बस में सफर कर रहे कॉलेज छात्रों ने मुख्यमंत्री को Dairy Milk चॉकलेट भी दी. मुख्यमंत्री के बस कंडक्टर की भूमिका निभाने का वीडियो और तस्वीरें कार्यक्रम के प्रमुख दृश्य रहे.
किन सेवाओं में मिलेगा लाभ
राज्य सरकार के अनुसार, योजना के विस्तार से अब एक्सप्रेस, डीलक्स, मुफस्सिल साधारण और कुछ घाट क्षेत्र की बस सेवाएं भी इसके दायरे में आ गई हैं. पहले यह सुविधा कुछ चुनिंदा बस श्रेणियों तक सीमित थी.
यह योजना सात राज्य परिवहन निगमों द्वारा संचालित 12,695 बसों में लागू होगी. सरकार का अनुमान है कि इससे रोजाना करीब 84.32 लाख महिलाओं को लाभ मिल सकता है. योजना का लाभ लेने के लिए आय सीमा तय नहीं की गई है और एक दिन में मुफ्त यात्रा की संख्या पर भी कोई सीमा नहीं है.
शिक्षा और रोजगार तक पहुंच पर जोर
परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों की शिक्षा, रोजगार, आजीविका और आर्थिक सशक्तीकरण में मदद करना है. सरकार के मुताबिक, परिवहन खर्च शिक्षा, रोजगार या स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में बाधा नहीं बनना चाहिए.
मंत्री ने इसे सामाजिक न्याय और समान यात्रा अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि इस पहल से महिलाओं को अधिक स्वतंत्रता मिलेगी और वे आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों में ज्यादा भागीदारी कर सकेंगी.
