तमिलनाडु में भारी बारिश के चलते चेन्नई समेत चार जिलों में बुधवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया. चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में अधिकारियों ने यह अवकाश घोषित किया है. इन क्षेत्रों में मंगलवार शाम से बारिश हो रही है और पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय बना हुआ है.

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के दौरान बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इससे पहले इसी क्षेत्र में बना चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तमिलनाडु तट पर स्थित है.

मौसम प्रणाली के प्रभाव से चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कडलूर, विल्लुपुरम, तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई और रामनाथपुरम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पुडुचेरी और कराईकल के लिए भी ऐसी ही संभावना जताई गई है.

ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत का काम भी जारी है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जोन 1 से 15 तक कंक्रीट और तारकोल मिश्रण से मरम्मत पर अनुमानित 21.80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. बारिश से प्रभावित लोगों के लिए बुधवार सुबह विरुगंबाक्कम में 6,000 भोजन पैकेट बांटे गए.