तमिलनाडु के करूर सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हिंदी समेत तीन भाषाओं में छपे दवा लिफाफों के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. इन लिफाफों पर मरीजों को दवा लेने का समय समझाने वाले निर्देश तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में लिखे हैं.

द्रमुक नेता और पार्टी के आईटी विंग से जुड़े टीआरबी राजा ने लिफाफों की तस्वीरें साझा कर आरोप लगाया कि तमिलनाडु की दो-भाषा नीति के बावजूद अस्पतालों में तीन-भाषा नीति को चुपचाप लागू किया जा रहा है. उन्होंने इसे हिंदी थोपने की कोशिश बताया.

TVK सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री केजी अरुराज ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि इन लिफाफों का ऑर्डर दिसंबर 2025 में पिछली द्रमुक सरकार के कार्यकाल में दिया गया था. उनके मुताबिक, चार लाख लिफाफों की छपाई का आदेश ईरोड जिला प्रिंटिंग इंडस्ट्रियल कोऑपरेटिव सोसाइटी को दिया गया था और जनवरी 2026 में इनका वितरण शुरू हुआ.

कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर बी. सरवनप्रिया ने भी कहा कि ऐसे लिफाफे 18 महीने से अधिक समय से इस्तेमाल हो रहे थे. उन्होंने बताया कि इन्हें प्रायोजकों की मदद से छपवाया गया था.