तमिलनाडु के राज्य विश्वविद्यालयों और सरकारी कॉलेजों में विभागाध्यक्षों यानी HoD को छात्रों के कौशल विकास और कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया में प्रमुख भूमिका निभानी होगी. उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार, HoD उद्योगों की जरूरतों की पहचान करेंगे, प्रशिक्षण की योजना बनाएंगे और रोजगार अवसरों के लिए संस्थानों के साथ समन्वय करेंगे.

हर विभाग को दो से तीन कौशल-आधारित क्षेत्रों की पहचान करनी होगी. प्रत्येक क्षेत्र में छह कौशल विकसित करने की योजना बनाई जाएगी. विभागों को कम से कम तीन से पांच संबंधित उद्योगों के साथ औपचारिक MoU करने को कहा गया है. इन साझेदारियों का इस्तेमाल पाठ्यक्रम पर सुझाव, उद्योग-आधारित असाइनमेंट, मिनी प्रोजेक्ट और नियमित संवाद के लिए किया जाएगा.

छात्रों को इंटर्नशिप पर भेजने से पहले बुनियादी प्रशिक्षण देना जरूरी होगा. इसके बाद कम से कम तीन महीने की इंटर्नशिप की व्यवस्था करने का निर्देश है. Placement coordinators CV लिखने, इंटरव्यू, aptitude test और mock interview की तैयारी में सहयोग जारी रखेंगे.

तमिलनाडु राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने संस्थानों से placement training के लिए पांच सदस्यों के नाम 16 नवंबर तक भेजने को कहा है. शिक्षक संगठनों ने हालांकि कहा है कि स्थायी शिक्षकों की कमी के बीच अतिरिक्त जिम्मेदारी लागू करना चुनौतीपूर्ण होगा.