तमिलनाडु में पुरुषों की मृत्यु दर को लेकर सामने आए आंकड़ों ने कामकाजी उम्र की आबादी के बीच गंभीर स्वास्थ्य चुनौती की ओर संकेत किया है. वर्ष 2025 में राज्य में 4,01,860 पुरुषों और 2,91,347 महिलाओं की मौत दर्ज हुई. पुरुषों की मौत का आंकड़ा महिलाओं से 1,10,513 अधिक रहा.
यह अंतर 15 से 64 वर्ष की उम्र के लोगों में सबसे ज्यादा था. 2025 में 15-24 आयु वर्ग में 9,167 पुरुषों और 4,461 महिलाओं की मौत हुई. 25-34 वर्ष में यह आंकड़ा क्रमशः 17,135 और 6,177 रहा, जबकि 35-44 वर्ष में 31,585 पुरुषों और 11,406 महिलाओं की मौत दर्ज हुई.
विशेषज्ञों के अनुसार, कम उम्र के पुरुषों में सड़क दुर्घटनाएं और आत्महत्या, जबकि मध्यम आयु वर्ग में हृदय रोग, स्ट्रोक, मधुमेह, किडनी फेल्योर तथा तंबाकू और शराब से जुड़ी बीमारियां प्रमुख जोखिम हो सकती हैं.
हालांकि, 2025 में राज्य की कुल 6,93,207 मौतों में केवल 2,80,856 मामलों में चिकित्सकीय प्रमाणन हुआ. इससे मौतों के वास्तविक कारणों का विश्लेषण सीमित है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अस्पतालों के बाहर होने वाली मौतों की बेहतर जांच, नियमित स्वास्थ्य जांच और पुरुषों के लिए सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत बताई है.
