तमिलनाडु की मंत्री जगदीश्वरी ने छात्रों के हेयरस्टाइल को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर राज्य में विवाद खड़ा हो गया है. विरुधुनगर जिले के कारियापट्टी के पास अयन रेड्डीपट्टी सरकारी प्राथमिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अनुशासनहीन या ‘उल्टे-सीधे’ हेयरस्टाइल रखने वाले छात्रों का सिर पूरी तरह मुंडवा देना चाहिए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंत्री स्कूल की नई चारदीवारी के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंची थीं. कार्यक्रम में मंत्री वन्नियारासु और विरुधुनगर की जिला कलेक्टर सरन्या अरी भी मौजूद थीं.

अपने संबोधन में जगदीश्वरी ने कहा कि कुछ छात्र ऐसे हेयरस्टाइल रखते हैं, जिससे वे स्कूल जाने वाले बच्चों के बजाय बदमाशों जैसे दिखते हैं. उन्होंने छात्रों के बालों में अनुशासन की जरूरत बताई और कहा कि यदि हेयरस्टाइल ठीक नहीं है तो उनका सिर मुंडवाने में कुछ गलत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वह बच्चों को अपने बच्चे की तरह समझकर यह बात कह रही हैं.

मंत्री ने माता-पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाया. उनका कहना था कि बच्चों में अनुशासनहीनता की शुरुआत अक्सर घर से होती है और अभिभावकों को उन्हें अत्यधिक फैशन की छूट देने से बचना चाहिए.

रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु के कुछ अन्य मंत्रियों ने जगदीश्वरी के बयान का बचाव किया. उन्होंने कहा कि टिप्पणी के पीछे छात्रों के अनुशासन और उनके प्रति एक मां जैसी चिंता थी. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में छात्रों का सिर मुंडवाने संबंधी किसी सरकारी आदेश या स्कूल स्तर पर ऐसी कार्रवाई लागू होने की पुष्टि नहीं है.