तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 से 27 नवंबर के बीच राज्य, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, 25 नवंबर को तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराईकल में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 26 और 27 नवंबर को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है, जबकि 28 नवंबर को गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी.
कावेरी डेल्टा और दक्षिणी तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है. इनमें तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, पुदुक्कोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जैसे जिले शामिल हैं.
IMD ने 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बताई है. विभाग के अनुसार, 24 से 26 नवंबर के दौरान राज्य में बारिश काफी व्यापक रह सकती है. मछुआरों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
