तमिलनाडु पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीली दवाओं के नेटवर्क का पता लगाने का दावा किया है. ‘ऑपरेशन डीप सोर्स’ के तहत पुलिस ने हरियाणा के अंबाला कैंट से महेंद्र सिंह बिष्ट और जम्मू-कश्मीर निवासी सुनील कुमार को 2 नवंबर को गिरफ्तार किया. दोनों को अंबाला की अदालत से ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद तमिलनाडु लाया गया.

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई जुलाई 2026 में शुरू हुई थी. मदुरै, दिंडीगुल और थेनी जिलों में सात मामले दर्ज किए गए हैं और 4,400 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं. इनमें Tapentadol की गोलियां शामिल हैं, जो Tydol ब्रांड नाम से भी बेची जाती हैं.

जांच तब आगे बढ़ी जब 18 अगस्त को थेनी के कंदमानूर में एक संदिग्ध डाक पार्सल पकड़ा गया. दिंडीगुल और मदुरै में मिले दूसरे पार्सलों का संबंध भी अंबाला कैंट से मिला.

पुलिस ने डाक और कूरियर बुकिंग रिकॉर्ड की जांच में पाया कि पिछले एक साल में अंबाला के ग्राहक खातों से 588 पार्सल भेजे गए थे. ये पार्सल 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए बुक किए गए थे, जिनमें 11 तमिलनाडु के लिए थे. पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, लेन-देन और संपर्कों की जांच कर रही है.