तमिलनाडु सरकार ने मानसून और गर्मियों में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए चेन्नई तथा आसपास के जिलों में बिजली वितरण ढांचे को मजबूत करने की योजना बनाई है. ऊर्जा, संसाधन और कानून मंत्री आर. निर्मल कुमार के अनुसार, करीब 15,000 पिलर बॉक्स को ऊंचा किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी उनमें प्रवेश न कर सके. इनमें से लगभग 1,000 स्थानों पर काम पूरा हो चुका है.

चेन्नई और पड़ोसी क्षेत्रों में 20 से 25 साल पुराने 1,000 ट्रांसफॉर्मर बदले जाएंगे. पहले से चिन्हित 600 ट्रांसफॉर्मरों को मिलाकर कुल 1,600 से अधिक इकाइयों को चरणबद्ध तरीके से बदलने की योजना है. रात में गश्त और बिजली खराबी दूर करने के लिए 55 नए वाहन भी लगाए जा रहे हैं.

चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम में फील्ड संचालन के लिए 5,000 कर्मचारियों की भर्ती को मंजूरी दी गई है. करीब 2,600 संविदा कर्मियों को तैनात किया जा चुका है, जबकि 2,400 अन्य कर्मचारियों के जल्द शामिल होने की बात कही गई है.

स्मार्ट मीटर टेंडर प्रक्रिया करीब दो महीने टल सकती है. राज्य सरकार चाहती है कि उपभोक्ताओं का डेटा बिजली बोर्ड के सर्वर पर ही रखा जाए और मीटरों में eSIM तकनीक अनिवार्य हो.