चेन्नई, 24 अक्टूबर. तमिलनाडु सरकार ने भारी बारिश के बीच धान की खड़ी फसल और कटे हुए अनाज को नुकसान से बचाने के लिए एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं. जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर आपात कार्रवाई और किसानों की सहायता का समन्वय किया जाएगा.
अधिकारियों को जलभराव की आशंका वाले खेतों और संवेदनशील कृषि क्षेत्रों की पहचान कर निरीक्षण करने को कहा गया है. सिंचाई नहरों, जलनिकासी चैनलों और खेतों के जलमार्गों से अवरोध हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश का पानी लंबे समय तक जमा न रहे.
सरकारी खरीद केंद्रों पर रखे धान को तिरपाल और अन्य सुरक्षा उपायों से ढकने, भंडारण व्यवस्था की जांच करने तथा संभव होने पर कटे धान को सुरक्षित गोदामों तक जल्द पहुंचाने को कहा गया है. कृषि अभियांत्रिकी विभाग को संवेदनशील स्थानों पर ट्रैक्टर, पंप और अन्य उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.
बारिश से फसल को नुकसान होने पर टीमें तत्काल मौके पर जाकर आकलन करेंगी. रिपोर्ट में नुकसान की तस्वीरें और GPS लोकेशन शामिल करने को कहा गया है, ताकि पात्र किसानों को सरकारी राहत योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज हो सके. कृषि, बागवानी, कृषि अभियांत्रिकी विभाग और स्थानीय निकाय मिलकर हालात की निगरानी करेंगे.
