तमिलनाडु के सात जिलों में सोमवार, 9 नवंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार तंजावुर, तिरुवरुर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा और रामनाथपुरम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पुडुचेरी के कराईकल क्षेत्र में भी ऐसी ही मौसमी स्थिति रहने का अनुमान है. नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, विरुधुनगर, डिंडीगुल, मदुरै, थेनी, तूतीकोरिन, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने इस बदलाव के पीछे कोमोरिन सागर और आसपास के क्षेत्र में बने वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण तथा दक्षिणी तमिलनाडु से पूर्व-मध्य अरब सागर तक फैली द्रोणिका को प्रमुख कारण बताया है.
चेन्नई में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. विभाग ने लोगों से बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
