तमिलनाडु के थेनी जिले के बोदिनायकनूर स्थित सुब्रमणिय स्वामी मंदिर में एक नारियल 2.55 लाख रुपये में नीलाम हुआ. यह नीलामी कंद षष्ठी उत्सव के तहत भगवान मुरुगन के वल्ली और देवयानी के साथ हुए तिरुकल्याणम के बाद आयोजित की गई.
मंदिर की परंपरा के अनुसार, विवाह समारोह के दौरान मंगलसूत्र या ‘तिरुमांगल्यम’ से जुड़े नारियल को भक्तों के बीच नीलाम किया जाता है. इस बार बोदिनायकनूर के गुणसेकरन और मदुरै के पास चेल्लमपट्टी की रेणुका के बीच कड़ी बोली लगी. बोली 11,000 रुपये से शुरू हुई और गुणसेकरन ने 2.45 लाख रुपये तक बोली लगाई. इसके बाद रेणुका ने 10,000 रुपये अधिक देकर नारियल अपने नाम कर लिया.
मंदिर से जुड़ी मान्यता के मुताबिक, इस नारियल को घर में रखकर पूजा करने से समृद्धि आती है. भक्त यह भी मानते हैं कि इससे अविवाहित सदस्यों के विवाह और संतान प्राप्ति में आशीर्वाद मिलता है.
मंदिर में यह नीलामी हर साल होती है. पिछले वर्ष नारियल 2 लाख रुपये में बिका था, जबकि इससे पहले उथिरा उत्सव में ऐसा ही नारियल 3.03 लाख रुपये में नीलाम हुआ था.
