तमिलनाडु सरकार ने मंदिरों में मिलने वाले प्रसाद की गुणवत्ता, मात्रा और कीमत में एकरूपता लाने के लिए मास्टर स्कीम अधिसूचित की है. हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) विभाग की योजना में लड्डू, पंचामृत और मुरुक्कू समेत 10 तरह के प्रसाद शामिल हैं.

योजना के तहत हर प्रसाद की रेसिपी, सामग्री का अनुपात, बैच साइज, परोसने की मात्रा, कीमत और पैकेजिंग के मानक तय किए जाएंगे. विभाग के अनुसार, कीमत तय करते समय कच्चे माल, LPG, श्रम और पैकेजिंग की लागत को आधार बनाया जाएगा.

मंदिरों को प्रसाद अपने परिसर में ही तैयार करने और इसे बाहरी एजेंसियों से आउटसोर्स न करने का निर्देश दिया गया है. पैकेट पर निर्माता या आयातक का नाम-पता, उत्पाद का सामान्य नाम, शुद्ध मात्रा, निर्माण या पैकिंग की तारीख, MRP, प्रति इकाई बिक्री मूल्य और शिकायत के लिए उपभोक्ता संपर्क जैसी जानकारियां देनी होंगी.

जो मंदिर पारंपरिक रेसिपी का इस्तेमाल करते हैं या निर्धारित 10 वस्तुओं से अलग प्रसाद बेचते हैं, वे अलग लागत प्रस्ताव जमा कर सकेंगे.