तमिलनाडु सरकार ने कॉलेज छात्रों के लिए ‘वेट्री लैपटॉप योजना’ लागू करने को मंजूरी दे दी है. योजना के लिए ₹2,000 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है. यह पहल 2026-27 के राज्य बजट में घोषित की गई थी.
योजना के तहत 2026-27 शैक्षणिक सत्र में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले प्रथम और द्वितीय वर्ष के स्नातक तथा डिप्लोमा छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे. कला, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, कृषि, मत्स्य पालन, कानून, पॉलिटेक्निक और ITI जैसे पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी इसके दायरे में होंगे.
इसके अलावा 2025-26 में लैपटॉप योजना का लाभ नहीं पाने वाले सरकारी और सहायता प्राप्त संस्थानों के तीसरे और चौथे वर्ष के प्रोफेशनल कोर्स छात्रों को भी शामिल किया गया है.
इंजीनियरिंग छात्रों के लिए Intel Core i5 या समकक्ष क्षमता वाले लैपटॉप देने का प्रावधान है. खरीद प्रक्रिया के लिए सरकारी कंपनी ELCOT को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है. योजना की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी.
