तमिलनाडु सरकार ने लोक (कानून-व्यवस्था) विभाग को सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम, 2005 के दायरे से बाहर रखने वाला सरकारी आदेश वापस लेने का फैसला किया है. यह निर्णय राजनीतिक दलों और नागरिक संगठनों की तीखी आलोचना के बाद लिया गया. ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री सी.टी.आर. निर्मल कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आदेश वापस लिए जाने की जानकारी दी.
21 सितंबर 2026 को मानव संसाधन प्रबंधन विभाग ने सरकारी आदेश जारी कर लोक (कानून-व्यवस्था) विभाग को RTI अधिनियम की धारा 24(4) के तहत छूट देने की अधिसूचना जारी की थी. आदेश को सरकारी गजट में भी प्रकाशित किया गया था. सरकार ने विभाग को खुफिया और सुरक्षा संगठन के रूप में वर्गीकृत करने के आधार पर यह कदम उठाया था.
किन सूचनाओं पर असर पड़ता
आदेश में जिन विषयों से संबंधित सूचनाओं को RTI के दायरे से बाहर करने की बात थी, उनमें सांप्रदायिक और जातीय झड़पें, पुलिस फायरिंग की जांच रिपोर्ट, हिरासत में मौत, पुलिस यातना और रिमांड में बंद लोगों की मौत से जुड़ी जांच शामिल थीं. राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) और COFEPOSA के तहत हिरासत, बंदियों के अभ्यावेदन तथा उनके द्वारा या उनकी ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं भी विभाग के कामकाज का हिस्सा हैं.
विभाग छात्रों, कृषि मजदूरों और राजनीतिक दलों के आंदोलनों से जुड़े मामलों, कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा बैठकों, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के संदर्भों और केंद्र सरकार को भेजी जाने वाली कानून-व्यवस्था संबंधी रिपोर्टों पर भी काम करता है. राजनीतिक, सांप्रदायिक या जातीय मामलों में दर्ज मुकदमों को वापस लेने के अनुरोध और अभियोजन की मंजूरी से जुड़े विषय भी इसके दायरे में आते हैं.
सरकार ने आदेश वापस लेने से पहले इसका बचाव करते हुए कहा था कि संवेदनशील सूचनाओं, विशेषकर सांप्रदायिक झड़पों से संबंधित जानकारी, को ध्यान में रखकर कुछ प्रावधान किए गए थे. हालांकि, विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने इसे पारदर्शिता के खिलाफ बताया. एएमएमके संस्थापक टी.टी.वी. दिनाकरन ने आदेश पर स्पष्टीकरण मांगते हुए इसे रद्द करने की मांग की थी. पर्यावरण कार्यकर्ता जी. सुंदरराजन और अरप्पोर इयक्कम के संयोजक जयराम वेंकटेशन ने भी आदेश की आलोचना की थी.
