तमिलनाडु सरकार ने थेनी उप-जेल से 17 बंदियों के भागने की घटना के बाद कारागार विभाग में तीन वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं.
सरकारी आदेश के अनुसार, मदुरै केंद्रीय जेल के अधीक्षक आर. कृष्णराज को सलेम केंद्रीय जेल भेजा गया है. सलेम में यह पद पहले से रिक्त था. कुड्डालोर केंद्रीय जेल के अधीक्षक ए. पारसुरामन को मदुरै केंद्रीय जेल का नया अधीक्षक नियुक्त किया गया है.
सलेम केंद्रीय जेल के अतिरिक्त अधीक्षक जी. विनोद का तबादला कुड्डालोर केंद्रीय जेल में किया गया है, जहां अतिरिक्त अधीक्षक का पद रिक्त था. तबादलों की प्रक्रिया पूरी होने तक मदुरै रेंज के उप-महानिरीक्षक ए. मुरुगेशन मदुरै केंद्रीय जेल के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे.
तबादले के आदेश तमिलनाडु के कारागार एवं सुधार सेवा महानिदेशक के. शंकर ने जारी किए. इससे पहले, थेनी जेलकांड के दो दिन के भीतर तत्कालीन कारागार महानिदेशक संदीप राय राठौर का भी तबादला किया गया था और के. शंकर को विभाग का प्रमुख बनाया गया था.
थेनी से भागे सभी 17 बंदियों को पुलिस ने दो दिनों के भीतर पकड़ लिया था.
