तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से 17 कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है. अधिकारियों के अनुसार, इनमें से एक कैदी को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी की तलाश जारी है.

पुलिस ने फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें गठित की हैं. पड़ोसी डिंडीगुल जिले में एहतियात के तौर पर 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं और वाहनों की गहन जांच की जा रही है. आसपास के मदुरै और इडुक्की जिलों की पुलिस को भी सतर्क किया गया है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी 17 आरोपी एक ही सेल में बंद थे. एक कैदी के बीमार होने की सूचना मिलने के बाद जेलकर्मी सेल में पहुंचे, तभी कैदियों ने कथित तौर पर उन पर हमला किया और भाग निकले. घटना में एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट आई है, जबकि दो अन्य जेलकर्मियों को मामूली चोटें बताई गई हैं.

मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फरार कैदियों की पहचान और घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की जांच कर रही है.