तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से सोमवार रात 17 विचाराधीन कैदी फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक, कैदियों ने एक जेलकर्मी पर कथित तौर पर हमला किया और इसके बाद जेल से निकल भागे. तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक फरार कैदी को पकड़ लिया है, जबकि 16 अन्य की तलाश जारी है.
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी के अनुसार, फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं. पुलिस को आशंका है कि कुछ कैदी थेनी के वन क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं. इस इलाके में विशेष दलों ने तलाशी अभियान शुरू किया है.
पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेकपोस्ट लगाए गए हैं. वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस ने पड़ोसी जिलों को भी सतर्क किया है और फरार कैदियों की तस्वीरें साझा की गई हैं.
पुलिस के अनुसार, जेलकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के संबंध में मामला दर्ज कर फरार कैदियों को पकड़ने और जेल से भागने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
