तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी धार्मिक विविधता और साझा सांस्कृतिक परंपरा के लिए जानी जाती है. यह स्थान भगवान मुरुगन के छह प्रमुख तीर्थों में शामिल है. पहाड़ी पर सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के अलावा कासी विश्वनाथर मंदिर, सिकंदर बादुशा दरगाह और प्राचीन जैन शिलाशय्याएं भी हैं.
हाल के महीनों में यह क्षेत्र कानूनी विवाद और राजनीतिक-वैचारिक तनाव के केंद्र में है. विवाद का ताजा कारण कार्तिगई दीपम पर्व के दौरान पहाड़ी की दो चोटियों में से एक पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की मांग है. नवंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ में याचिकाएं दायर कर मंदिर प्रशासन को इस स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश देने की मांग की गई थी. याचिकाकर्ताओं ने इस स्तंभ को ‘दीपथून’ बताया, यानी ऐसा स्तंभ जिस पर दीप जलाया जाता है.
राज्य सरकार ने इस मांग का विरोध किया. सरकार की दलील थी कि पहाड़ी पर दरगाह की मौजूदगी और संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अनुमति देना उचित नहीं होगा. सरकार ने यह भी कहा कि इस बात का पर्याप्त प्रमाण नहीं है कि संबंधित पत्थर का स्तंभ कार्तिगई दीपम जलाने के लिए बनाया गया था.
इस विवाद की पृष्ठभूमि पुरानी मुकदमेबाजी से जुड़ी है. तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी को लेकर पहला मुकदमा 1920 में दायर हुआ था. पहाड़ी के स्वामित्व और मंदिर तथा दरगाह के अधिकारों को लेकर चले मामलों में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने पहाड़ी मंदिर के अधीन मानी थी, लेकिन दरगाह और वहां तक पहुंचने वाली सीढ़ियों के अधिकारों की भी रक्षा की थी.
स्थानीय स्तर पर हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच सामान्यतः सह-अस्तित्व की परंपरा रही है, लेकिन दीप जलाने की मांग ने इस साझा धार्मिक स्थल से जुड़े पुराने विवादों को फिर सामने ला दिया है.
