तमिलनाडु के वेल्लोर में 52 वर्षीय सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी बाबू को कथित तौर पर संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. कनियमबाड़ी पुलिस के अनुसार, बाबू ने WhatsApp के जरिए एक अज्ञात महिला को सैन्य उपकरणों और भारतीय सेना से संबंधित जानकारी भेजी थी.
पुलिस के मुताबिक, बाबू वेल्लोर के कीझवल्लम गांव का रहने वाला है. उसने भारतीय सेना की अलग-अलग शाखाओं में 28 साल तक सेवा की थी और पिछले साल इक्विपमेंट डिविजन में कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुआ था. इसके बाद वह अपने गांव में रह रहा था.
जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पहले एक महिला ने WhatsApp पर बाबू से संपर्क किया था. आरोप है कि बातचीत और निजी संबंध बनाने के बाद महिला ने उससे धीरे-धीरे सेना से जुड़ी जानकारी मांगनी शुरू की. बाबू कथित तौर पर उपलब्ध जानकारी उसे भेजता था. किसी जानकारी का पता नहीं होने पर वह सेना के कार्यालयों से फोन के जरिए जानकारी हासिल करने की कोशिश करता था.
अधिकारियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद से पूछताछ की गई. अधिकारियों ने 23 अक्टूबर को उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और 24 अक्टूबर की रात वेल्लोर ग्रामीण पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एजेंसियां अब महिला की पहचान, WhatsApp अकाउंट के संचालन और मामले में किसी विदेशी नागरिक या विदेश स्थित संगठन की संभावित भूमिका की जांच कर रही हैं.
