तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कर्नाटक की प्रस्तावित मेकेदाटु बांध परियोजना को सह-बेसिन राज्यों की सहमति के बिना किसी भी तरह की वैधानिक या प्रशासनिक मंजूरी नहीं देने का अनुरोध किया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में केंद्र सरकार के अधिकारियों की हालिया स्थल-जांच का उल्लेख करते हुए उससे जुड़ी आगे की प्रशासनिक और तकनीकी कार्रवाई टालने की मांग की. उन्होंने कर्नाटक को तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी समेत कावेरी बेसिन के अन्य राज्यों की सहमति के बिना परियोजना आगे न बढ़ाने की सलाह देने को कहा.

तमिलनाडु सरकार का तर्क है कि प्रस्तावित जलाशय कावेरी के प्रवाह और राज्य को मिलने वाले मासिक जल आवंटन को प्रभावित कर सकता है. मेकेदाटु परियोजना कर्नाटक में कनकपुरा के निकट कावेरी नदी पर प्रस्तावित है. कर्नाटक इसे बेंगलुरु की पेयजल जरूरतों और जलविद्युत उत्पादन से जोड़ता है, जबकि तमिलनाडु लंबे समय से इसका विरोध कर रहा है. परियोजना की प्रस्तावित क्षमता 67.16 टीएमसी बताई गई है.