चेन्नई में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के कोलाथुर विधायक वीएस बाबू का अंतिम संस्कार शुक्रवार, 20 नवंबर को किया गया. अंतिम यात्रा के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने बाबू के पार्थिव शरीर को कंधा दिया.
पार्थिव शरीर को वाहन में रखने के बाद विजय उसके साथ पैदल चलते रहे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने पेरंबूर स्थित बाबू के आवास से तिरु वी. का. नगर के विद्युत शवदाह गृह तक करीब 2.3 किलोमीटर की दूरी नंगे पैर तय की. अंतिम यात्रा में राज्य सरकार के मंत्री, TVK विधायक, पार्टी पदाधिकारी और अन्य नेता भी शामिल हुए.
वीएस बाबू का गुरुवार को हृदयाघात के बाद निधन हुआ था. उन्हें लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अंतिम संस्कार से पहले उनका पार्थिव शरीर पेरंबूर के एक खेल मैदान में रखा गया, जहां आम लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी.
TVK ने बाबू के सम्मान में तमिलनाडु में सात दिन के शोक की घोषणा की है. इस अवधि में पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम स्थगित रखने और पार्टी झंडे आधे झुकाने की बात कही गई है.
