तमिलनाडु के विल्लुपुरम निवासी ए. संतोष ने अपनी पूर्व प्रेमिका से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए नवंबर 2025 से जून 2026 के बीच 97 RTI अर्जियां दाखिल कीं. इन अर्जियों में कुल 1,887 सवाल पूछे गए थे. मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंचने के बाद आयोग ने उनकी शिकायत खारिज कर दी और कड़ी चेतावनी दी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, संतोष ने जिला पुलिस अधीक्षक और लोक सूचना अधिकारी से पूछा था कि उनकी पूर्व प्रेमिका किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ते में है या नहीं, उसने कितने लोगों को धोखा दिया, उसकी शादी हुई है या नहीं और वह कहां रहती या काम करती है. उन्होंने युवती से संपर्क करने वाले लोगों की तस्वीरें और अन्य निजी जानकारियां भी मांगी थीं.
पुलिस अधिकारियों ने आयोग को बताया कि ऐसी निजी जानकारी सरकारी रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं है और इसे किसी तीसरे व्यक्ति को नहीं दिया जा सकता. आयोग ने कहा कि RTI का उद्देश्य जनहित से जुड़ी सूचना हासिल करना है, किसी व्यक्ति के निजी जीवन में दखल देना नहीं.
आयोग ने चेताया कि यदि संतोष इसी तरह आवेदन दाखिल कर सरकारी कामकाज में बाधा डालते रहे, तो उन्हें एक साल तक आयोग में याचिका दायर करने से रोका जा सकता है.
