तमिलनाडु के कोलाथुर से TVK विधायक वीएस बाबू का गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. वह 75 वर्ष के थे. अस्पताल के बयान के अनुसार, बाबू ने दोपहर 2:24 बजे अंतिम सांस ली. लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी के कारण उनका इलाज चल रहा था और उन्हें ICU में रखा गया था.
वीएस बाबू ने 2026 के विधानसभा चुनाव में DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को कोलाथुर सीट से हराकर राजनीतिक हलकों में सुर्खियां बटोरी थीं. चुनाव में बाबू को 82,997 वोट मिले, जबकि स्टालिन को 74,202 वोट हासिल हुए. बाबू ने 8,795 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी.
बाबू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत DMK से की थी. वह चेन्नई उत्तर जिला सचिव रहे और 2006 से 2011 तक पुरसावलकम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया. बाद में उन्होंने AIADMK का रुख किया और फरवरी 2026 में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम में शामिल हुए.
अस्पताल के मुताबिक, इलाज और चिकित्सकीय टीम के प्रयासों के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई और अंततः कार्डियक अरेस्ट के बाद उनका निधन हो गया.
