अहमदाबाद में अदाणी यूनिवर्सिटी के तीसरे दीक्षांत समारोह में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) के निदेशक प्रो. गोविंदन रंगराजन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के अवसरों और चुनौतियों पर बात की. उन्होंने कहा कि AI शिक्षा और अनुसंधान में नई संभावनाएं खोल सकता है, जटिल समस्याओं को हल करने और वैज्ञानिक खोजों को तेज करने में मदद कर सकता है.

रंगराजन ने इसके साथ AI के परिणामों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई. उन्होंने सवाल उठाया कि जब तस्वीरें, वीडियो और सूचनाएं बेहद विश्वसनीय तरीके से तैयार की जा सकती हैं, तब सत्य की पहचान कैसे होगी. उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक लोगों को डिजिटल रूप से करीब ला रही है, लेकिन मानवीय संबंधों में दूरी बढ़ने का सवाल भी सामने है.

उन्होंने विद्यार्थियों से AI की क्षमताओं को अपनाने के साथ यह विचार करने को कहा कि इसके इस्तेमाल में समाज क्या हासिल कर रहा है और क्या खो सकता है.

समारोह में 2026 बैच के विद्यार्थियों को कुल 374 डिग्रियां प्रदान की गईं. शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 10 विद्यार्थियों को पदक मिले, जिनमें पांच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं. अदाणी यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष डॉ. प्रीति अदाणी ने उद्योग और शिक्षा जगत के सहयोग से वास्तविक समस्याओं पर आधारित नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही.