कैंसर के इलाज से जुड़ी विशेषज्ञ सुविधाएं और अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट अक्सर बड़े शहरों तक सीमित रहते हैं. इस दूरी को कम करने के लिए टेक्नोलॉजी कंपनी अर्बुदा USA आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम विकसित करने की योजना बना रही है. इसका उद्देश्य छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में काम कर रहे डॉक्टरों तक कैंसर उपचार से जुड़ी मेडिकल जानकारी, नई रिसर्च और विशेषज्ञों की सलाह पहुंचाना है.
कंपनी के को-फाउंडर विवेक देशपांडे के अनुसार, AI डॉक्टरों की जगह लेने के बजाय उनके काम में सहायता करेगा. योजना के तहत डॉक्टर मेडिकल रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के आधार पर इलाज के संभावित विकल्पों, दवाओं और उनसे जुड़े वैज्ञानिक प्रमाणों की जानकारी हासिल कर सकेंगे.
सिस्टम में पांच तरह की सुविधाओं की योजना
प्रस्तावित सिस्टम में मरीज की बीमारी की जांच और स्टेजिंग के लिए जरूरी टेस्ट, स्कैन और अन्य जांचों की जानकारी शामिल हो सकती है. इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इलाज के संभावित विकल्पों और उपलब्ध वैज्ञानिक प्रमाणों को व्यवस्थित करने की योजना है.
सिस्टम इलाज के बाद फॉलोअप जांच और डॉक्टर से दोबारा मिलने के समय की याद दिलाने में मदद कर सकता है. दवाओं के संभावित साइड इफेक्ट और जरूरी सावधानियों की जानकारी देने के साथ डॉक्टरों के लिए ‘क्लिनिकल नॉलेज नेविगेटर’ भी विकसित करने की योजना है. इसमें डॉक्टर अपने मरीज के केस से जुड़े सवाल पूछकर मेडिकल जानकारी खोज सकेंगे.
हालांकि, ये सभी सुविधाएं अभी शुरुआती योजना और proof of concept के स्तर पर हैं. इन्हें पूरी तरह जांचे-परखे मेडिकल गाइडेंस सिस्टम के रूप में लागू नहीं किया गया है. ऐसे किसी भी सिस्टम के इस्तेमाल से पहले मेडिकल जांच, मरीजों के डेटा की सुरक्षा और डॉक्टरों की निगरानी जरूरी होगी.
अमेरिका और भारत के विशेषज्ञों को जोड़ने का मॉडल
अर्बुदा USA ऐसे मॉडल पर भी काम कर रही है, जिसमें छोटे शहरों के डॉक्टर जटिल कैंसर मामलों को भारत और अमेरिका के अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट के सामने ऑनलाइन रख सकें. विशेषज्ञ इलाज के विकल्पों पर सलाह दे सकते हैं और जरूरत पड़ने पर मरीज को बड़े अस्पताल में भेजने की सिफारिश कर सकते हैं.
इस पहल का लक्ष्य हर छोटे शहर में बड़ा कैंसर अस्पताल बनाना नहीं, बल्कि स्थानीय डॉक्टरों को बेहतर मेडिकल जानकारी और विशेषज्ञ सहयोग उपलब्ध कराना है. हालांकि AI अस्पतालों में जरूरी उपकरणों, प्रशिक्षित कर्मचारियों, दवाओं और मरीजों की प्रत्यक्ष देखभाल की आवश्यकता को खत्म नहीं कर सकता.
