AI के बढ़ते इस्तेमाल ने साइबर हमलों को तेज और ज्यादा स्वचालित बना दिया है. माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल डिफेंस रिपोर्ट 2026 के अनुसार, दुनिया भर में ट्रैक किए गए साइबर खतरों में भारत की हिस्सेदारी 2.5% रही और वह सबसे अधिक प्रभावित शीर्ष सात देशों में शामिल है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एक साल में रैनसमवेयर हमले पांच गुना बढ़े हैं.
कंपनियों और यूजर्स को निशाना बनाने के लिए हमलावर फेक CAPTCHA, QR कोड और पहचान की नकल जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं. Microsoft Teams जैसी सेवाओं पर वॉइस फिशिंग एक साल में 502% बढ़ी, जबकि फेक CAPTCHA से जुड़े हमले करीब आठ गुना बढ़े. इन हमलों में यूजर को ‘मैं रोबोट नहीं हूं’ जैसे संदेश या फर्जी अपडेट दिखाकर कोई कमांड कॉपी-पेस्ट करने के लिए उकसाया जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, 11 लाख डिवाइस पर ऐसी गतिविधि मिली.
QR फिशिंग और पहचान की नकल का बढ़ता खतरा
ईमेल या PDF में भेजे गए QR कोड को स्कैन कराने के जरिए यूजर्स को फर्जी वेबसाइट या अन्य जोखिम वाली गतिविधि तक पहुंचाया जा सकता है. माइक्रोसॉफ्ट ने एक साल में 14.5 करोड़ QR फिशिंग हमले पकड़े. अप्रैल से जून 2026 के दौरान रिपोर्ट किए गए 85% फिशिंग ईमेल में बॉस, HR, पेरोल टीम, वेंडर या बिजनेस पार्टनर जैसी किसी पहचान की नकल की गई थी.
रिपोर्ट में AI एजेंट के जरिए किए गए स्वचालित हमलों का भी उल्लेख है. एक लैब टेस्ट में कई AI एजेंट ने मिलकर किसी कंपनी के नेटवर्क पर 32 चरणों वाला हमला तैयार किया और उसे पूरा किया. इस प्रक्रिया में सर्वर और यूजर अकाउंट पर नियंत्रण हासिल किया गया.
जुलाई 2026 में ‘जेडपफर’ नाम के ऑटोमेटेड रैनसमवेयर के सामने आने का भी रिपोर्ट में जिक्र है. इसके अलावा, किसी सॉफ्टवेयर कमजोरी का पता चलने के बाद उस पर हमला होने का औसत समय 24 घंटे से कम रह गया है.
कंपनियों में AI एजेंट का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार 88% कंपनियां इन्हें आजमा रही हैं और 82% लीडर अगले 12 से 18 महीनों में इनका उपयोग बढ़ाने की योजना बना रहे हैं. अनुमान है कि दो साल में AI एजेंट की संख्या 130 करोड़ तक पहुंच सकती है. ईमेल, कैलेंडर, सिस्टम अपडेट और डेटा एक्सेस संभालने वाले इन एजेंट पर हमला होने से उनसे जुड़े सिस्टम और डेटा भी जोखिम में आ सकते हैं.
