चेहरे की तस्वीरों का विश्लेषण करने वाला एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल किसी व्यक्ति की जैविक उम्र का अनुमान लगाने और कैंसर मरीजों में जीवित रहने के जोखिम का आकलन करने में सक्षम पाया गया है. शोधकर्ताओं ने इस मॉडल का नाम Foundation Artificial Intelligence for Health Recognition-Face (FAHR-Face) रखा है. अध्ययन के निष्कर्ष 2026 में The Lancet Digital Health में प्रकाशित हुए.
मॉडल को 4 करोड़ से अधिक चेहरे की तस्वीरों पर प्रशिक्षित किया गया और दो अलग-अलग कामों के लिए अनुकूलित किया गया. सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तस्वीरों के परीक्षण में जैविक उम्र का अनुमान लगाने में औसत त्रुटि करीब पांच वर्ष रही. हार्वर्ड से संबद्ध अमेरिका के छह केंद्रों में इलाज करा चुके 38,183 मरीजों के आंकड़ों में पाया गया कि वास्तविक उम्र की तुलना में जैविक रूप से अधिक उम्र के दिखने वाले मरीजों के नतीजे अपेक्षाकृत खराब रहे.
शोधकर्ताओं ने FAHR-FaceSurvival नाम का दूसरा मॉडल भी विकसित किया. इसे 34,363 कैंसर मरीजों की तस्वीरों पर प्रशिक्षित कर 3,820 अन्य मरीजों पर परखा गया. सबसे अधिक जोखिम वाले समूह के मरीजों में सबसे कम जोखिम वाले समूह की तुलना में मृत्यु की संभावना तीन गुने से अधिक थी. यह अंतर मरीजों की चिकित्सीय और जनसांख्यिकीय जानकारियों को ध्यान में रखने के बाद भी बना रहा.
नीदरलैंड्स में इलाज करा चुके 4,892 कैंसर मरीजों पर परीक्षण में भी मॉडल के उपयोगी संकेत मिले. हालांकि, अध्ययन मुख्य रूप से अमेरिका और नीदरलैंड्स के मरीजों पर आधारित था. दिल्ली के डॉक्टर मनदीप सिंह मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय आबादी में इसकी विश्वसनीयता अभी स्थापित की जानी है.
शोधकर्ताओं के अनुसार, यह तकनीक कैंसर का निदान नहीं करती और किसी व्यक्ति की निश्चित जीवन-प्रत्याशा नहीं बता सकती. रोशनी, तस्वीर की गुणवत्ता और चेहरे के भाव भी परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं. नियमित चिकित्सकीय उपयोग से पहले अलग-अलग आबादियों में अतिरिक्त सत्यापन आवश्यक है.
