Apple के आगामी एनिवर्सरी iPhone को लेकर अटकलें तेज हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कंपनी अपनी 20वीं एनिवर्सरी के मौके पर iPhone 19 सीरीज के साथ iPhone 20 भी पेश कर सकती है. हालांकि, Apple ने अब तक इन मॉडल्स के नाम, डिजाइन या लॉन्च रणनीति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी फिलहाल चार नए iPhone मॉडल्स की टेस्टिंग कर रही है. इनमें दो मॉडल फ्लैट स्क्रीन और दो मॉडल कर्व्ड स्क्रीन के साथ तैयार किए जा रहे हैं. इस रणनीति को 2017 में अपनाए गए तरीके से जोड़ा जा रहा है, जब Apple ने iPhone 8 और iPhone 8 Plus के साथ iPhone X पेश किया था.
कर्व्ड स्क्रीन और पतले बेजल
संभावित एनिवर्सरी मॉडल में चारों किनारों से कर्व्ड ग्लास और लगभग 1 मिलीमीटर चौड़े बेजल दिए जाने की बात कही गई है. ऐसा डिजाइन फोन को लगभग बॉर्डरलेस लुक दे सकता है. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि Apple करीब तीन वर्षों से कर्व्ड डिस्प्ले पर काम कर रहा है और शुरुआती प्रोटोटाइप की तुलना में इसके कर्व को कम किया गया है.
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी संभावना जताई गई है कि Apple iPhone 18 Pro सीरीज के बाद सीधे iPhone 20 सीरीज ला सकता है, जबकि एक अन्य संभावना iPhone 19 और iPhone 20 को साथ पेश करने की है.
कर्व्ड स्क्रीन के साथ accidental touch, स्क्रीन प्रोटेक्शन, मजबूती और रिपेयर से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं. इसलिए अंतिम डिजाइन और लॉन्च योजना Apple के आधिकारिक ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगी.
