बरेली के सीबीगंज में 18.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया गया. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि यह केंद्र बरेली में आईटी और स्टार्टअप क्षेत्र के विकास को गति देगा.
करीब 22 हजार वर्गफुट में बने इस केंद्र में स्टार्टअप और आईटी कंपनियों के लिए प्लग-एंड-प्ले सीटें, 10 हजार वर्गफुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस रूम और मीटिंग रूम जैसी सुविधाएं हैं. इससे शुरुआती चरण के उद्यमियों को बुनियादी ढांचे पर बड़ा निवेश किए बिना काम शुरू करने में मदद मिलेगी.
उत्तर प्रदेश के तकनीकी विस्तार पर जोर
उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की पहल चल रही है. उन्होंने बताया कि नोएडा में स्मार्टफोन का निर्माण हो रहा है और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए एचसीएल के साथ काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि देश में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है. एसटीपीआई केंद्र को बरेली के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में अवसर देने और स्थानीय डिजिटल इकोसिस्टम मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया.
