गेम डेवलपर Capcom ने अपने ऑनलाइन सदस्यता प्लेटफॉर्म Capcom ID में डेटा ब्रीच की पुष्टि की है. कंपनी के मुताबिक, इस घटना से करीब 1,17,74,247 खाते प्रभावित हुए हैं. Capcom ID का इस्तेमाल Street Fighter, Resident Evil और Monster Hunter जैसे गेम्स से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं के लिए किया जाता है.

कंपनी ने बताया कि उसे 19 अक्टूबर को Capcom ID खातों में संदिग्ध गतिविधि का पता चला. इसके बाद कुछ खातों की पहुंच रोककर जांच शुरू की गई. जांच में सामने आया कि किसी तीसरे पक्ष ने ग्राहकों से जुड़ी कुछ जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बनाई थी.

प्रभावित जानकारी में ईमेल रिकॉर्ड, खाता बनाए जाने की तारीख और समय, कुल लॉगिन की संख्या, आखिरी लॉगिन की तारीख और समय तथा उस लॉगिन में इस्तेमाल हुआ IP एड्रेस शामिल है.

Capcom के अनुसार, प्रभावित खातों में से 43 खातों के जन्म की तारीख, जेंडर, देश या क्षेत्र और निकनेम से जुड़ी जानकारी प्रभावित हुई. इसके अलावा 196 खातों के Capcom ID लॉगिन पासवर्ड में अनधिकृत बदलाव किए गए. कंपनी ने इन 196 खातों के पासवर्ड रीसेट कर दिए हैं.

कंपनी ने कहा है कि अब तक ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं, जिनसे यह पता चले कि यूजर्स द्वारा पहले तय किए गए मूल पासवर्ड लीक हुए हैं. Capcom ने यह भी कहा कि उसके गेम्स के प्रभावित होने के संकेत नहीं मिले हैं.

जांच जारी रहने के बीच कंपनी ने यूजर्स को फिशिंग ईमेल और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है. Capcom ने कहा कि ऐसे संदेश मिलने पर उनमें दिए गए URL न खोलें और अटैचमेंट पर क्लिक न करें.