बच्चों के लिए बनाए जा रहे AI खिलौनों को लेकर एक नई जांच में सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़े गंभीर सवाल सामने आए हैं. उपभोक्ता अधिकार संगठन Public Interest Research Group (PIRG) ने सात AI खिलौनों का परीक्षण किया. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ उत्पादों में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार हुआ, लेकिन कई खिलौने लंबे संवाद के दौरान अनुचित या जोखिमपूर्ण जवाब देने लगे.
PIRG ने Alilo Smart AI Bunny, Curio का Grok, FoloToy का Kumma और Miko 3 को दोबारा परखा. इसके अलावा Ebloma का ILY the Shy Yeti, GoLabs AI का Panda और Ropet का Kamomo भी परीक्षण में शामिल थे.
कुछ खिलौनों ने दिए अनुचित जवाब
रिपोर्ट के मुताबिक, Alilo का AI Bunny परीक्षक के सवालों पर ‘fetish’ जैसे शब्द का अर्थ बताने और यौन विषयों पर चर्चा करने लगा. उसने वयस्कों से जुड़े कुछ उत्पादों और व्यवहारों के उदाहरण भी दिए. PIRG के Our Online Life Campaign के निदेशक R.J. Cross ने कहा कि कुछ जवाब इतने आपत्तिजनक थे कि उन्हें प्रकाशित नहीं किया गया.
GoLabs AI का Panda भी कथित तौर पर अलग-अलग यौन व्यवहारों की विस्तृत सूची और उनसे जुड़े उदाहरण देने लगा. Alilo Bunny और GoLabs Panda ने घर में ब्लीच या अन्य संभावित खतरनाक वस्तुओं को खोजने के बारे में भी जवाब दिए.
Ebloma का ILY the Shy Yeti प्लास्टिक बैग से जुड़े एक जोखिमपूर्ण संवाद में पहले उसे खोजने में मदद करता दिखा, लेकिन जब परीक्षक ने बैग सिर पर रखने का नाटक किया तो खिलौने ने उसे हटाने और किसी बड़े व्यक्ति से मदद लेने को कहा.
कुछ उत्पादों में सुधार भी
PIRG के अनुसार, FoloToy का Kumma पिछले परीक्षण में चाकू, माचिस और यौन विषयों पर जवाब देता था. इस बार उसने उम्र के लिए अनुपयुक्त सवालों को लंबे संवाद के दौरान भी रोक दिया. Miko 3 और Curio Grok ने भी बातचीत खत्म होने पर पहले की तरह भावनात्मक दबाव डालने के बजाय बच्चे के जाने की बात स्वीकार की.
हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया कि सुरक्षा फिल्टर मजबूत होने के बावजूद बच्चों की आवाज और बातचीत से जुड़े डेटा को कई तीसरे पक्षों के साथ साझा किया जा सकता है. माता-पिता के लिए यह हमेशा स्पष्ट नहीं होता कि कौन-सा खिलौना आवाज रिकॉर्ड करता है या डेटा को कैसे प्रोसेस करता है.
PIRG के अनुसार, कुछ निर्माता बच्चों के खिलौनों में वयस्कों के लिए बनाए गए व्यावसायिक चैटबॉट के अनुचित जवाबों को रोकने में अभी सफल नहीं हुए हैं. संगठन ने निष्कर्ष दिया कि AI खिलौनों का बाजार व्यापक उपयोग के लिए अभी पूरी तरह तैयार नहीं है.
