आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोट को अक्सर इंसानों की नौकरियों के लिए चुनौती माना जाता है, लेकिन चीन में इन्हीं रोबोट को काम सिखाने के लिए लोगों को रोजगार मिल रहा है. घरेलू काम करने वाले रोबोट के लिए डेटा तैयार करने वाले कर्मचारियों को रोबोट ट्रेनर कहा जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस काम से कुछ लोगों को हर महीने 4,000 से 6,000 युआन तक मिलने की बात कही गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब ₹57 हजार से ₹85 हजार के बराबर है.
कैसे दी जाती है रोबोट को ट्रेनिंग
ट्रेनर कपड़े तह करने, बर्तन धोने, फर्श साफ करने, किताबें व्यवस्थित करने और सामान एक जगह से दूसरी जगह रखने जैसे काम बार-बार करते हैं. उनके हाथों और उंगलियों पर सेंसर वाली डिवाइस लगाई जाती हैं, जबकि कैमरा और मोशन-कैप्चर उपकरण शरीर की गतिविधियों को रिकॉर्ड करते हैं. इस रिकॉर्ड किए गए डेटा का इस्तेमाल रोबोट को इंसानी कामों की प्रक्रिया समझाने और दोहराने के लिए किया जाता है.
चीन के जिआंगसू प्रांत की गुओ होंगजुआन रोज करीब छह घंटे इस तरह का डेटा जुटाती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें हर महीने करीब 4,000 युआन मिलते हैं. उनके काम में किताबें व्यवस्थित करना, मेज साफ करना और घरेलू सामान को इधर-उधर रखना शामिल है.
हर नौकरी में इतनी कमाई नहीं होती. शांक्सी प्रांत में 22 वर्षीय एक छात्र ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान यह काम किया. उसे दिन की शिफ्ट के लिए 120 युआन और रात की शिफ्ट के लिए 135 युआन मिलते थे.
रोबोट ट्रेनिंग का इस्तेमाल घरेलू कामों के अलावा फैक्ट्री, वेयरहाउस और खेती से जुड़े कार्यों में भी किया जा रहा है.
