1 नवंबर 2026 से मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से आने वाली कॉल के साथ कॉलर का नाम दिखाने की व्यवस्था लागू की जानी है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को Calling Name Presentation (CNAP) लागू करने के निर्देश दिए हैं.

CNAP भारत का वेरिफाइड कॉलर आइडेंटिफिकेशन सिस्टम है. इसके तहत अगर किसी नंबर को यूजर ने अपने कॉन्टैक्ट्स में सेव नहीं किया है, तब भी कॉल आने पर स्क्रीन पर नंबर के साथ नाम दिखाई देगा. यह नाम टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज उस नाम के आधार पर होगा, जिसके नाम पर सिम कार्ड लिया गया है.

पहले 4G और 5G यूजर्स के लिए सुविधा

निर्देशों के मुताबिक, 1 नवंबर से CNAP की सुविधा 4G और 5G नेटवर्क पर आने वाली कॉल के लिए अनिवार्य की जानी है. 2G और 3G नेटवर्क पर इसका विस्तार बाद में किया जाएगा.

अगर नंबर पहले से फोन की कॉन्टैक्ट बुक में सेव है, तो आम तौर पर सेव किया गया नाम दिखेगा. वहीं, सेव न किए गए नंबर के मामले में टेलीकॉम कंपनी के डेटा में दर्ज नाम प्रदर्शित होगा. अंतरराष्ट्रीय कॉल के लिए स्क्रीन पर अंतरराष्ट्रीय कॉल का संकेत दिखाने की व्यवस्था बताई गई है.

इस व्यवस्था का उद्देश्य अनजान कॉल की पहचान आसान बनाना और साइबर फ्रॉड के लिए की जाने वाली कॉल पर रोक लगाने में मदद करना है. हालांकि, प्रदर्शित नाम सिम रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड पर आधारित होगा, इसलिए यह जरूरी नहीं कि कॉल करने वाला व्यक्ति वही हो जिसके नाम पर सिम पंजीकृत है.