केंद्र सरकार ने डीपफेक वीडियो और फर्जी सरकारी योजनाओं के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर लोगों को सावधान किया है. गृह मंत्रालय के तहत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है.

एडवाइजरी में पाकिस्तान के +92 कंट्री कोड वाले नंबरों से आने वाली कॉल और WhatsApp मैसेज को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. हालांकि, केवल कंट्री कोड के आधार पर किसी कॉल को फर्जी नहीं माना जा सकता. अनजान व्यक्ति के दावों और उसकी पहचान की स्वतंत्र रूप से जांच करने की सलाह दी गई है.

सरकारी योजनाओं और डीपफेक के नाम पर ठगी

ठग Facebook और Instagram पर फर्जी विज्ञापन चलाकर सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक मदद देने का दावा कर सकते हैं. इसके बदले टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या रजिस्ट्रेशन चार्ज मांगा जाता है. डीपफेक तकनीक से किसी व्यक्ति के चेहरे और आवाज में बदलाव कर बनाए गए वीडियो के जरिए इन योजनाओं को असली बताने की कोशिश की जाती है.

एडवाइजरी के मुताबिक, स्क्रैच कार्ड और ‘स्पिन एंड विन’ जैसे ऑफर देकर कैशबैक या इनाम का लालच भी दिया जाता है. इसके बाद ठग UPI कलेक्ट रिक्वेस्ट मंजूर करवाकर और PIN डलवाकर खाते से रकम निकाल सकते हैं. याद रखें, UPI PIN पैसे पाने के लिए नहीं, भुगतान करने के लिए डाला जाता है.

सरकारी योजनाओं की जानकारी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से जांचें. आधार, PAN, बैंक विवरण, OTP और UPI PIN साझा न करें. संदिग्ध लिंक और अनजान UPI रिक्वेस्ट से बचें. ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं. बैंक को सूचना देकर लेनदेन से जुड़े सबूत सुरक्षित रखें.