Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) के तहत काम करने वाली National Cybercrime Threat Analytics Unit (NCTAU) ने सोशल मीडिया पर वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को लेकर चेतावनी जारी की है. यूनिट के अनुसार, ठग Facebook और Instagram पर प्रधानमंत्री, वित्त मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों समेत चर्चित सार्वजनिक चेहरों के manipulated या deepfake वीडियो का इस्तेमाल कर रहे हैं.

इन विज्ञापनों में जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देने वाली कथित सरकारी योजना, cashback, scratch-card या spin-and-win जैसे ऑफर दिखाए जाते हैं. लाभ पाने के नाम पर लोगों को फोन नंबर, WhatsApp चैट या फर्जी वेबसाइट पर भेजा जाता है. इसके बाद उनसे टैक्स, processing fee, registration charge, verification fee या अन्य प्रशासनिक खर्च के नाम पर बार-बार भुगतान कराया जाता है.

NCTAU के मुताबिक, कुछ मामलों में पीड़ितों को विदेशी नंबरों, खासकर +92 से शुरू होने वाले नंबरों से कॉल आती है. कॉल करने वाले दावा करते हैं कि व्यक्ति को कथित सहायता राशि या इनाम के लिए चुना गया है. कई बार पीड़ितों को payment app पर ले जाकर इनाम प्राप्त करने के बहाने transaction PIN डालने के लिए कहा जाता है. इसके बजाय खाते से रकम कटकर ठगों तक पहुंच जाती है और कई भुगतानों के कारण कुल नुकसान बढ़ जाता है.

साइबर यूनिट की सलाह

यूनिट ने लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर किसी योजना पर तुरंत भरोसा न करें. सरकारी लाभ से जुड़ी जानकारी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जांचें और किसी भी शुल्क या भुगतान की मांग का उद्देश्य तथा लाभार्थी की पहचान आधिकारिक माध्यमों से सत्यापित करें.

NCTAU ने UPI collect request स्वीकार करने या UPI PIN डालने से पहले transaction details जांचने को कहा है. चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि UPI PIN भुगतान अधिकृत करने के लिए होता है, पैसा प्राप्त करने के लिए नहीं.