SpaceX की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink भारत में व्यावसायिक शुरुआत के करीब बताई जा रही है, लेकिन अंतिम नियामकीय मंजूरियां नहीं मिलने के कारण नेटवर्क अब तक सक्रिय नहीं हुआ है. इसी बीच कंपनी के संस्थापक एलन मस्क ने बिना किसी का नाम लिए कुछ भारतीय ‘ओलिगार्क्स’ पर Starlink को रोकने का आरोप लगाया है.

मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कुछ लोग भारतीय लोगों पर अपनी ‘एकाधिकारवादी पकड़’ बनाए रखने के लिए Starlink को रोक रहे हैं. उन्होंने इसे ‘भारत के लोगों के खिलाफ अपराध’ बताया. यह टिप्पणी उस पोस्ट के जवाब में की गई, जिसमें कठिन भौगोलिक क्षेत्रों तक तेज इंटरनेट पहुंचाने के लिए Starlink की जरूरत बताई गई थी.

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 तक भारत में 11,256 सूचीबद्ध गांवों में 4G कवरेज नहीं था. मार्च 2026 में देश में 1.093 अरब इंटरनेट सब्सक्रिप्शन दर्ज किए गए. इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 440.87 मिलियन कनेक्शन शामिल थे और ग्रामीण इंटरनेट घनत्व 100 लोगों पर 48.31 कनेक्शन था. शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 126.80 कनेक्शन प्रति 100 लोगों का था.

SpaceX की Starlink बिजनेस ऑपरेशंस की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर के अनुसार, कंपनी ने भारत की सुरक्षा और नियामकीय जरूरतों के अनुरूप अपनी व्यवस्था तैयार की है. उन्होंने बताया कि देश में 20 गेटवे साइट बनाई गई हैं, जिनमें सैकड़ों एंटेना लगाए गए हैं. कंपनी का कहना है कि भारतीय यूजर्स का डेटा भारत में रखने और सुरक्षा नियंत्रणों को हर स्तर पर लागू करने की व्यवस्था की गई है.

सरकार ने Starlink समेत तीन सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनियों को भारत में सेवाएं देने के लिए लाइसेंस दिए हैं. हालांकि, Starlink को व्यावसायिक संचालन शुरू करने से पहले कुछ अंतिम नियामकीय स्वीकृतियां अभी हासिल करनी हैं.