Epic Games ने अपने Epic Games Launcher का सार्वजनिक ‘Preview’ संस्करण जारी करने की घोषणा की है. कंपनी का दावा है कि नया Launcher मौजूदा संस्करण से अधिक तेज और responsive है तथा इसका डिजाइन भी बदला गया है.

कंपनी ने कहा कि इस संस्करण को ‘vibe coding’ के तरीके से तैयार किया गया. Epic Games Store के जनरल मैनेजर और उपाध्यक्ष मार्टिन कीली के अनुसार, टीम ने Launcher के कोडबेस को शुरुआत से दोबारा लिखा और नई सुविधाओं को विकसित करने व उनकी समीक्षा के लिए AI को एक उपकरण की तरह इस्तेमाल किया.

कीली ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य मौजूदा Launcher की उपयोगी कार्यक्षमताओं को दोहराना था, लेकिन पुराने कोड को सीधे अपनाना नहीं था. नया संस्करण पहले वाले तकनीकी ढांचे से अलग stack पर बनाया गया है.

कंपनी के मुताबिक, AI के उपयोग से छोटी टीम के लिए कोडबेस को फिर से लिखना और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसे जल्दी लॉन्च करना संभव हुआ. नया Launcher Windows और Mac के लिए तैयार किया जा रहा है, जबकि Linux संस्करण भी लाने की योजना बताई गई है.

Preview संस्करण में बग की संभावना

Epic ने उपयोगकर्ताओं को आगाह किया है कि Preview ऐप में कुछ बग हो सकते हैं. ऐसे में इसे अंतिम, पूरी तरह स्थिर संस्करण के बजाय परीक्षण चरण का सार्वजनिक रिलीज माना जाना चाहिए.