ब्रसेल्स: यूरोपीय संघ पर अक्टूबर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI-सहायित साइबर हमला हुआ था. यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता थॉमस रेनियर ने 19 नवंबर को इसकी पुष्टि की. यह पहली बार है जब 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ ने AI टूल के इस्तेमाल वाले साइबर हमले की जानकारी सार्वजनिक की है.

रेनियर के मुताबिक, आयोग ने 22 अक्टूबर को घटना का पता लगाया. इसके बाद जांच शुरू की गई और एहतियाती कदमों के तहत कई डिजिटल एप्लिकेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए. इनमें से ज्यादातर सेवाएं बहाल की जा चुकी हैं, हालांकि कुछ डिजिटल टूल अब भी प्रभावित बताए गए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स में हमले के दौरान अनुवाद, प्रतिपूर्ति, वेतन और टाइमशीट से जुड़े सिस्टम प्रभावित होने की बात कही गई है, लेकिन रेनियर ने इन विवरणों की पुष्टि नहीं की. उन्होंने कहा कि अब तक आयोग के कर्मचारियों के बड़े हिस्से से जुड़े डेटा लीक का कोई प्रमाण नहीं मिला है. हमले के पीछे किसका हाथ था, इस पर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.