एक हैकर समूह ने सड़क किनारे लगे Flock कैमरे को हटाकर उसका आंतरिक डेटा कॉपी किया. इसके बाद पत्रकारों ने उस सामग्री का विश्लेषण किया, जिससे कैमरे की तकनीकी संरचना और उसके निगरानी-संबंधी फीचर्स के बारे में नई जानकारी सामने आई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, stegan0gram नाम के समूह ने कैमरे से लगभग पूरा उपलब्ध डेटा निकाला और उसे विश्लेषण के लिए साझा किया. जांच में डिवाइस की स्टोरेज पर दो ऐसे पार्टिशन मिले, जिन पर एन्क्रिप्शन नहीं था. इनमें से मीडिया पार्टिशन में मौजूद एक एन्क्रिप्शन कुंजी से कैमरे में रिकॉर्ड अधिकांश फुटेज खोली जा सकी.
कैमरा मध्यम श्रेणी के स्मार्टफोन जैसे प्रोसेसर पर चलता है और इसमें Flock द्वारा बनाए गए करीब 20 ऐप्लिकेशन काम करते हैं. इनमें मोशन डिटेक्शन, इमेज क्लासिफिकेशन और रिमोट अपडेट जैसे कार्य शामिल हैं.
जांच के मुताबिक, कैमरा खुद लाइसेंस प्लेट या वाहन का मॉडल, कंपनी और रंग नहीं पहचानता. वह तस्वीरें Flock के सर्वर पर भेजता है, जहां आगे की प्रोसेसिंग होती है. बरामद लॉग करीब तीन सप्ताह के थे. इस अवधि में कैमरे ने 50 हजार से अधिक वाहनों की तस्वीरें खींचीं और 16 लाख इमेज तैयार कीं.
विश्लेषण में यह भी दावा किया गया कि सॉफ्टवेयर फ्रेम में मौजूद लोगों का पता लगाता है और उनके स्थान के साथ एक confidence score दर्ज करता है. हालांकि, जांचकर्ताओं को सक्रिय facial recognition का प्रमाण नहीं मिला. Flock ने कहा कि कैमरे हटाना या उनसे छेड़छाड़ करना गैरकानूनी है और कंपनी को अपनी आधिकारिक vulnerability disclosure प्रक्रिया के तहत कोई रिपोर्ट नहीं मिली.
Flock के अनुसार, उसके कैमरे facial recognition नहीं करते. रिपोर्टों में यह भी बताया गया कि सिस्टम का डेटा राष्ट्रीय स्तर पर खोजे जा सकने वाले डेटाबेस में जाता है, जिसे पुलिस, विश्वविद्यालय और हवाई अड्डों जैसी बाहरी एजेंसियां एक्सेस कर सकती हैं.
